विमर्श : गोचर-खेजड़ी मुद्दे पर सरकार जनभावना के साथ आई !

-हेम शर्मा
“बीकानेर गोचर भूमि का अन्य उपयोग नहीं करने, गोचर की किस्म नहीं बदलने और बीडीए को न देकर गोचर की किस्म जनता के मुताबिक रखी जाएगी। वहीं खेजड़ी की कटाई पर कड़े प्रतिबंध लगाने का सख्त कानून विधायी प्रक्रिया में है। ऐसे में गोचर-खेजड़ी को लेकर संत समाज, गो प्रेमी और सर्व समाज को भ्रमित नहीं होना चाहिए।”
यह बात शनिवार को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के हवाले से बीकानेर भाजपा अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने ‘ख़बर अपडेट’ से कही है। उनके नेतृत्व में शुक्रवार रात शिष्टमंडल की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात हुई थी। शिष्ट मंडल में शामिल डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने बताया कि “इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मुलाकात पर रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत बातचीत करेंगे।”
दूसरे विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने फोन नहीं उठाया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल विश्नोई भी नो-रिप्लाई रहे। बीकानेर शहर विधायक जेठानंद व्यास, भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं थे, लेकिन उनकी सहमति रही।
जयपुर सीएमओ में मुख्यमंत्री से शिष्टमंडल से- बीकानेर गोचर को बीडीए योजना में शामिल करने, गोचर की किस्म बदलने को लेकर चल रहे असमंजस और प्रदेश भर में राज्य वृक्ष खेजड़ी की कटाई पर प्रतिबंध को लेकर विचार-विमर्श हुआ। यह वार्ता मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन, अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा और शिखर अग्रवाल की उपस्थिति में हुई। जिसमें जीव-जंतु बोर्ड के जसवंत बिश्नोई, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, विधायक, विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल, अंशुमान सिंह भाटी, ताराचंद सारस्वत, पब्बाराम बिश्नोई शिष्टमंडल में शामिल थे।
गौरतलब है कि गोचर-खेजड़ी मुद्दे पर बीकानेर की जनता उद्वेलित है, संत-समाज का व्यापक विरोध है। साथ ही सर्व समाज आन्दोलनरत है। इस कड़ी में 27 जनवरी से साधु संतों के नेतृत्व में कलेक्ट्रट पर धरना दिया जाएगा। वहीं, 2 फरवरी को होने वाले महापड़ाव की व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। ये दोनों मुद्दे राजनीति से ऊपर जन-जन की आवाज बनता जा रहा है। गोचर और खेजड़ी को लेकर भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान में भाजपा की सरकार, बीकानेर से भाजपा के मंत्री तथा प्रशासन जनता की आलोचना के घेरे में है। इस मुद्दे पर व्यापक जनांदोलन के दबाव में सरकार और प्रशासन दोनों ही है।
विभिन्न स्तरों पर जन दबाव के चलते प्रशासन ने संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 21 जनवरी को प्रातः 11 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभा कक्ष में ओरण, चारागाह तथा खेजड़ी की अवैध कटाई रोकथाम के संबंध में बैठक रखी गई है। यह जानकारी अतिरिक्त संभागीय आयुक्त जसवन्त सिंह के हवाले से दी गई है। इस बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टर, जिला पुलिस, अधीक्षक, नगर निगम व बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त एवं अतिरिक्त जिला कलेकटर प्रशासन व नगर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री से हुई बातचीत की जानकारी संभवतया रविवार को प्रतिनिधि मंडल के लोग जनता को देंगे।
