बीकानेर राजस्थान

किशमीदेसर मुद्दे पर खबर का असर : “समाधान के लिये अर्जुन राम ने 100 करोड़ रुपये दिलवाये।”

किशमीदेसर में वर्षा जल निकासी की ज्वलंत समस्या को लेकर ‘ख़बर अपडेट’ की ख़बर का असर हो गया है। करीब 15 दिनों से चल रहा ‘किशमीदेसर बचाओ संघर्ष समिति’ का धरना आज ख़त्म हो गया है। इस समस्या के समाधान को लेकर भाजपा नेता गुमान सिंह राजपुरोहित के प्रयासों और निगम आयुक्त अशोक आशिंद के लिखित आश्वासन के बाद आख़िरकार धरनार्थी मान गये हैं। केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के प्रतिनिधि के रूप में भाजपा नेता गुमान सिंह ने धरना स्थल पर कहा है कि-
“हमारे कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर को 100 करोड़ रुपए दिलाए हैं। इस राशि से बीकानेर की तीन चार मुख्य समस्याओं जिसमें बजरंग विहार कॉलोनी, किशमीदेसर , चोपड़ा बाड़ी और सुजानदेसर से जल निकासी की समस्याओं का समाधान होगा। नगर निगम आयुक्त अशोक आशिद ने आश्वासन दिया है कि इनकी समस्याओं का समाधान तुरंत किया जाएगा। धरनार्थियों ने हमारी बात मान ली है। उन्होंने धरना समाप्त करने की घोषणा की है। नगर निगम के माध्यम से समस्याओं के तुरंत का समाधान किया जाएगा।” (यहां क्लिक करके आप गुमान सिंह की वीडियो बाइट सुन सकते हैं।)

धरनार्थियों को दिए लिखित आश्वासन में किशमीदेसर में बारिश होने की स्थिति में 2 पंपों से वर्षा जल निकासी की जाएगी। वाटर हार्वेस्टंग स्ट्रक्चर लगाया जाएगा। गहरा व पक्का नाला करवाकर पानी निकासी का स्थायी समाधान किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से 100 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति में ड्रेनेज की डीपीआर में किश्मीदेसर को शामिल किया जाएगा। इस लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया। आपको बता दें कि जनहित का यह मुद्दा ख़बर अपडेट ने ही उठाया था और सिलसिलेवार तरीक़े से इस पर अपनी आवाज़ बुलंद कर रहा था।

यह ख़ुशी की बात है कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर के जल निकासी मद में 100 करोड़ की राशि दिलाई है। मंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर भाजपा नेता गुमान सिंह की तरफ से यह सुखद पटाक्षेप किया गया है। जनहित को लेकर मंत्री का यह प्रयास सराहनीय है। लेकिन ध्यान रहे कि जिस जिम्मेदारी से यह आश्वासन दिया गया है, उसी जिम्मेदारी से इसे पूरा भी किया जाए। बहरहाल, भले ही देरी से हुआ, लेकिन जो हुआ सुखद हुआ। देर आए, दुरुस्त आए।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *