हेम शर्मा, प्रधान संपादक
khabarupdateofficial@gmail.com
26 November 2021 03:32 PM
'शिक्षा' मानव की बड़ी सेवाओं में से एक है। नए शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला यह काम बख़ूबी कर सकते हैं। इसका कारण उनके जीवन की मूलवृति आध्यात्मिक है और उनमें वैसे संस्कार भी हैं। वे खुद उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। उनमें ऐसी काबिलियत है कि वो चाहें तो राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा काम कर सकते हैं कि कायापलट हो जाए। कल्ला जी ! अगर आप वाकई राजनीति के माध्यम से मानवता की सेवा करना चाहते हो तो इस अवसर को चूकना मत। आपमें वो दमखम है कि आप शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा काम करके दिखा सकते है कि दुनिया के लिए मिसाल बन जाए। यह आपके व्यक्तित्व के दूसरे पक्ष का निष्पक्ष विश्लेषण है। जीवन के दूसरे पहलू अपनी जगह हैं।
छल-छद्म राजनीति का चरित्र बन गया है। कई नेताओं ने अपने जीवन में छल-छद्म को अंगीकार भी कर लिया है। इससे ऊपर उठकर काम करना खांडे की धार के बराबर है। आपके समर्थको में निराशा है कि मंत्रिमंडल के पुर्नगठन में आपको और वेटेज दिया जाना चाहिए था। पद से बड़ा व्यक्तित्व भी बनाया जा सकता है। देश में ऐसे व्यक्तित्व भी हैं जिनके पास कोई पद नहीं है फिर भी उनके काम पूजनीय हैं। आप ख़ुद मानते हैं कि शिक्षा विभाग कांटों का ताज है। कांटों के इस ताज को अनुभव के पारस से सोने का ताज बनाने का समय आ गया है। इसी से जनता और प्रदेश का भला हो जाएगा। साथ में आपकी राजनीतिक साधना सफल हो जाएगी। कल्ला जी ! जीवन के चौथे आश्रम को समग्र रूप से शिक्षा को समर्पित कर दीजिए.
RELATED ARTICLES
28 June 2022 07:00 PM
27 June 2022 03:07 PM
22 June 2022 03:22 PM
22 June 2022 11:19 AM